Sunday, June 22, 2014

मोदी के हिंदी प्रेम को विरोध क्यों

इनदिनों भारतीय भाषाओं और हिंदी के बीच रार छिड़ी हुई है। इस बार भी रार की जड़ अंग्रेज़ी है। सरकारी सोशल मीडिया में हिंदी में काम करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी टीम ने सर्कुलर जारी किया तो बवेलाल खड़ा हो गया। दक्षिण भारत से जे. जयललिता से लेकर कश्मीर के उमर अब्दुल्ला तक ने विरोध जता दिया। इस सर्कुलर को हिंदी के अख़बारों और टीवी चैनलों ने भाव नहीं दिया लेकिन अंग्रेजी के अख़बारों और टीवी चैनलों ने तिल का ताड़ बना दिया। इस ख़बर को इस तरह से पेश किया गया मानों मोदी की टीम हिंदी को बढ़ावा देने के लिए दूसरी भारकतीय भाषाओं को हाशिए पर डाल रही है।
अगर राजभाषा विभाग को ये अहसास होता कि सोशल साइटों पर अंग्रेजी के साथ-साथ हिंदी के भी इस्तेमाल की सलाह देने वाली उसकी एक चिट्ठी इस कदर गुल खुलायेगी तो शायद ये चिट्ठी जारी ही नहीं होती। असलियत तो ये है कि अंग्रेज़ि में पढ़े लिखे बाबू लोग जो देश चलाने का दम भरते हैं, वो हिंद में काम काज कर ही नहीं सकते। ये तो महज़ औपचारिकता भर थी। जैसे कि एक सुहागिन अगर सिंदूर न पहने तो वो सुहागिन नहीं कहलाती। ठीक उसी अंदाज़ में ये सर्कुलर जारी किया गया था। ये राजभाषा और बोली के प्रति लगाव नहीं था। लेकिन इसे सियासी रंग दिया गया। विरोध करने वालों के दिल में ये बात थी थी कि जनसंघ ने हिंदी, हिंदू, हिंदुस्तान का नारा दिया था। उस संगठन से निकले मोदी कहीं उसे एजेंडा को पूरा करने में तो नहीं लगे हैं।   
असली सवाल यह है कि एक छोटे से महकमे से चली इस चिट्ठी से या इसकी मार्फत दिखने वाली हिंदी की वकालत से अंग्रेजी या दूसरी भारतीय भाषाओं के राजनीतिक नेतृत्व के पांव क्यों कांपने लगे? आखिर जयललिता और करुणानिधि को तमिल अस्मिता और उमर अब्दुल्ला और अखिलेश यादव को उर्दू की इज्जत का ख्याल क्यों सताने लगा? क्या वाकई आज की तारीख में हिंदी भारत की ऐसी विशेषाधिकार संपन्न भाषा है जो बाकी भाषाओं के हित या उनका हिस्सा मार सके? इस सवाल पर ठीक से विचार करें तो पाते हैं कि दरअसल भारतीय भाषाओं और हिंदी के बीच झगड़ा खड़ा करने का काम अंग्रेजी ही कर रही है। अंग्रेजी के चैनलों ने ये भी ठीक से नहीं बताया कि दरअसल केंद्र सरकार का ये सर्कुलर बस केंद्रीय महकमों और उन राज्यों तक सीमित है, जहां हिंदी बोली जाती है। उनका बाकी राज्यों के कामकाज से वास्ता नहीं है। इसी का नतीजा था कि दक्षिण भारतीय राज्यों को अचानक हिंदी के वर्चस्व का डर सताने लगा और वे फिर अंग्रेजी की छतरी लेकर खड़े हो गए।
ये विरोध असल में मातृभाषा के लिए प्रेम नहीं था। ये विरोध हिंदी की विरोध था। याद कीजिए अगर आप दक्षिण भारत या पश्चिम बंगाल के किसी भी शहर में ट्रेन से गए हों तो स्टेशन और प्लेटफॉर्म पर लिखे हिंदी पट्टी पर चारकोल लगा दिया गया है। जबकि उस स्टेशन पर हिंदी और अंग्रेजी के अलावा क्षेत्रीय भाषाओं में जगह का नाम लिखा हुआ है। अगर इन राज्यों और नेताओं को हिंदी से इतनी नफरत है तो फिर वो अंग्रेजी से इतना प्रेम क्यों कतरते हैं। क्यों नहीं अंग्रेज़ी के शिलापट्टियों पर कालिख पोतते हैं।  
सवाल है कि अंग्रेजी यह खेल क्यों करती है? क्योंकि असल में अंग्रेजी इस देश में शोषण और विशेषाधिकार की भाषा है। इस देश की एक फीसदी आबादी भी अंग्रेजी को अपनी मातृभाषा या मुख्य भाषा नहीं मानती। लेकिन देश के सारे साधनों-संसाधनों पर जैसे अंग्रेजी का कब्ज़ा है। अंग्रेजी की इस हैसियत के आगे हिंदी ही नहीं, तमाम भारतीय भाषाएं दोयम दर्जे की साबित होती हैं। इस लिहाज से देखें तो हिंदी नहीं, अंग्रेजी भारतीय भाषाओं की असली दुश्मन है। रोटी और रोजगार के सारे मौक़े अंग्रेजी को सुलभ हैं। सरकारी और आर्थिक तंत्र अंग्रेजी के बूते ही चलता है। पढ़ाई-लिखाई का माध्यम अंग्रेजी हुई जा रही है।
बहुत सारे हिंदीवालों को यह गुमान है कि हिंदी अब इंटरनेट में पसर गई है। अब तो हॉलीवुड की बड़ी-बड़ी़ फिल्में भी हिंदी में डब करके दिखाई जाती हैं। इससे उन्हें लगता है कि हिंदी का संसार फैल रहा है। लेकिन सच्चाई यह है कि ये हिंदी बस एक बोली की तरह बची हुई है। जिसका बाज़ार इस्तेमाल करता है। ये तर्क दिया जाता है कि अंग्रेजी हमें दुनिया से जोड़ रही है।.
लेकिन, एक दूसरी हकीकत और भी है। अंग्रेजी ने भारत को दो हिस्सों में बांट डाला है। एक खाता-पीता- अघाता.. इक्कीसवीं सदी के साथ कदम बढ़ाता 30-35 करोड़ की आबादी वाला भारत है, जो अंग्रेजी जानता है या जानना चाहता है और भारत पर राज करता है या राज करना चाहता है। दूसरी तरफ, 80 करोड़ का वो गंदा-बजबजाता भारत है, जो हिंदी, तमिल, तेलुगू या कन्नड़ बोलता है। हिंदी के खाने वाले और अंग्रेजी के गानेवालों को कौन समझाए कि हिंदी भारत को जोड़नेवाली भाषा है। 

Friday, March 28, 2014

कंबल ओढ़कर घी पीते है बीजेपी के नेता

लोकसभा चुनाव से ठीक पहले बीजेपी का असली चेहरा एक बार फिर सबके सामने आ गया। चाल, चरित्र और चेहरे का दावा करनेवाली राष्ट्रीय पार्टी के नेताओं ने अपनी हरकतों से एक बार फिर साबित कर दिया कि वो भी दूसरी पर्टियों के नेताओं की तरह ही सत्ता के भूखे हैं। इस पार्टी के अंदर भी दूसरी पार्टियों की तरह गुटबाज़ी है। इस पार्टी के अंदर भी देश की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस की तरह ही वंशवाद का रोग लग चुका है। इस पार्टी के अंदर भी उन तमाम बड़े नेताओं को हाशिए पर लगाया जा सकता है, जो व्यक्ति विशेष की आरती या चरण वंदना करने से इनकार कर दे। हालिया क़िस्सों ने बीजेपी में इन तर्कों को और मज़बूत किया है। चाहे बात लालकृष्ण आडवाणी की हो, मुरली मनोहर जोशी की हो, लालजी टंडन की हो, जसवंत सिंह की हो या फिर उमा भारती की।
बीजेपी में जो रोग दशकों पहले लग गया था, आज तक उसका इलाज नहीं हो सका है। जनसंघ के ज़माने में अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी को जोड़ी ने मिलकर बलराज मधोक और सुंदर सिंह भंडारी जैसे दिग्गज नेताओं को हाशिए पर डाल दिया। मधोक के मुक़ाबले युवा आडवाणी ने अनुशासनहीनता का पाठ पढ़ाकर मधोक को चलता कर दिया था। इसी तरह से बड़े नेता सिकंदर बख़्त ठंडे बस्ते में डाल दिए गए थे। आज भी लगभग 40-45 साल बाद में यही कुछ हो रहा है। दिग्गज नेताओं के मुक़ाबले युवा नरेंद्र मोदी को आग लाया गया तो पार्टी में भूचाल आ गया। सबसे पहले लालकृष्ण आडवाणी ने ही विरोध जताया। ये वही आडवाणी हैं, जिन्होंने गुजरात दंगों के समय मोदी का सबसे ज़्यादा मज़बूती से बचाव किया था। उस समय भी बीजेपी की गुटबंदी नज़र आई थी लेकिन ये गुटबंदी राजधर्म के पाठ के शोर के बीच दबकर रह गई थी।
लेकिन इस बार की गुटबंदी प्रधानमंत्री बनने और सरकार बनाने के दावे के शोर के बीच थमती नज़र नहीं आ रही। बीजेपी ने और ख़ास तौर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने फैसला किया कि पार्टी नरेंद्र मोदी का चेहरा आगे कर लोकसभा का चुनाव लड़ेगी। इसका असर ये हुआ कि सबसे पहले परिवार के ही मुखिया और कभी प्रधानमंत्री के मज़बूत दावेदार रहे आडवाणी मुंह फुलाकर कोपभवन में चले गए। उन्हें मनाया गया। इसके बाद फिर फच्चर फंसा। आडवाणी इस बार गांधीनगर से निकलकर भोपाल से चुनाव लड़ना चाहते थे। शायद उन्हें अहसास था कि अगर बुढ़ापे में चुनाव जीतना है तो अपने किसी ज़माने के शिष्य नरेंद्र मोदी की छत्र छाया में आना पड़ेगा, जो उन्हें गंवारा नहीं था। उन्होंने नई चाल चली। भोपाल के अलावा मोदी के दुश्मन और अपने नए चेले हरेन पंडया के लिए सीट की मांग कर दी। लेकिन पार्टी में उनकी दाल नहीं गली। न तो उन्हें भोपाल से टिकट मिला और न ही उनके नए चेले हरेन पंडया को। शायद पार्टी चाहती थी कि भारी मन से ही सही लेकिन आडवाणी को अहसास हो कि उनकी आज की राजनीति ख़त्म हो गई है। वो बीजेपी के चूके हुए घोड़े हैं। उन पर दांव लगाया जा चुका है। अब उनकी राजनीति नई पीढ़ी मोदी और राजनाथ के रहमो-करम पर ही टिकी हुई है। मन मसोस कर आडवाणी को गांधीनगर से ही लोकसभा का चुनाव लड़ना पड़ा।
ऐसी ही तकरार बनारस में देखने को मिली। हवा उड़ी कि मोदी वडोदरा के अलावा शिव की नगरी काशी यानी बनारस से चुनाव लड़ेंगे। ये बात सुनते ही पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और कभी प्रधानमंत्री के दावेदार रहे मुरली मनोहर जोशी हत्थे से उखड़ गए। क्योंकि इस सीट से फिलहाल वो चुनाव लड़ते है। लिहाज़ा उन्होंने सीट छोड़ने से इनकार कर दिया। पार्टी के बड़े नेताओं के बीच अपनी बात बड़े ज़ोरदार तरीक़े से रखी। लेकिन बुढ़ापे में उनकी आवाज़ नक्कारख़ाने की तूती बन कर रह गई। वो अपन भड़ास निकालते रहे। साफ-साफ कहते रहे कि वो सीट नहीं छोड़ेंगे। लेकिन किसी ने उनकी एक नहीं सुनी। थक हार कर उन्हें भारी मन से बनारस को अलविदा कहना पड़ा।
बीजेपी में केवल बनारस या भोपाल को लेकर ही झगड़ा नहीं हुआ। लघभघ हर बड़े नेताओं ने गाह बगाहे अपने दर्द का इज़हार किया। राजनाथ सिंह रहनेवाले पूरब के हैं। सारी ज़िंदगी वहीं की राजनीति की। 2009 में पूरब में जब गर्म हवा चली तो थपेड़ों से बचने के लिए भागकर पश्चिमी यूपी के ग़ाज़ियाबाद आ गए। बड़ी मुश्किल से जीते। इस बार मोदी वहर के बावजूद जीत टेढ़ी खीर की तरह लग रह थी। लेकिन उन्हें ये भी पता था कि मोदी लहर के बावजूद पार्टी अध्यक्ष चुनाव हार जाए तो करियर ख़त्म हो जाएगा और आख़िरी समय पर मोदी को लंगड़ी मारने का मौक़ा भी हाथ से चला जाएगा। उन्होंने सुरिक्षत सीट की तलाश की और नज़र अठल बिहारी वाजपेयी वाली सीट लखनऊ पर गड़ा दी, जहां से वाजपेयी का खड़ाऊ लेकर लालजी टंडन चुनाव जीतते हैं। लेकिन टंडन ने एक तरह से बग़ावत ही कर दी। उन्होंने भी सीट खाली करने से इनकार कर दिया। ख़ूब रोए धोए। लेकिन बड़े बेआबरू होकर सीट से रुख़सत हो गए।
      एक समय में जसवंत सिंह की पार्टी में बड़ी इज्ज़त हुआ करती थी। वाजपेयी सरकार में वो संकट मोचक हुआ करते थे। हर आड़े-तिरछे मौक़े पर पार्टी उन्हें आग कर दिया करती थी। यहां तक कि 2009 लोकसभा चुनाव में पार्टी को जब पश्चिम बंगाल का चुनाव बहुत कठिन लग रहा था तो उन्हें दार्जिलिंग से चुनाव लड़ने के लिए भेज दिया गया। वो जीतकर आए। बुढ़ापे में वो इस बार अफने घर बाड़मेर से टुनाव चाहते थे। अपनी बात उन्होंने साफ साफ पार्टी के बड़े नेताओं को बता दी। लेकिन जवाब सुनकर उन्हें सांप सूंघ गया। पार्टी ने साफ कह दिया कि उन्हें टिकट नहीं मिलेगा। क्यों? क्या हार जाते? या पार्टी उन्हें भी आडवाणी के रास्ते पर ले जाना चाहती थी? ख़ैर पार्टी ने टिकट नहीं दिया। निर्दलीय मैदान में उतरने को मजबूर हुए। सुषमा ने सबसे पहले अफनी पीड़ा बताई औऱ कहा कि जसवंत सिंह के साथ ऐसा नहीं होना नहीं चाहिए था। लेकिन वो भी जानती हैं कि नहीं होना चाहिए और होना चाहए में बहुत फ़र्क़ है। लेकिन आजकल पार्टी में उनकी भी कौन सुनता है?
यही हालत साध्वी उमा भारती की भी है। महिला हैं। पिछड़ी जाति की हैं। आक्रामक हैं। सत्ता के लिए कभी अपने भाषणों से आग लगा देने के लिए बदनाम उमा भारती का पार्टी का पार्टी ने ख़ूब दोहन किया। लेकिन आज उनकी भी बुरी हालत है। उन्होंने भोपाल से टिकट मांगा तो पार्टी ने झांसी से थमा दिया। वो हल्ला-गुल्ला करती रहीं। लेकिन किसी ने उनकी नहीं सुनी।
कुल मिलाकर बीजेपी के नेताओं ने अपनी हरकतों से साफ कर दिया कि वो जिस तीसरे मोर्चे को सत्ता के भूखे और सत्ता के लिए लड़नेवाले बताते हैं, उनमें और बीजेपी में कोई अंतर नहीं है। इस पार्टी में भी कांग्रेस की तह वंशवाद है। सत्तालोलुप नेताओं की भीड़ है। पुराने ज़माने के नेताओं के दिन लद गए हैं। ये कांग्रेस नहीं है, जो अपने पुराने नेताओँ को ढोए। ये पार्टी भले ही कांग्रेस को गाली दे लेकिन कांग्रेस जैसा अनुशासन इस पार्टी में नहीं है। कांग्रेस में जिसको जहां टिकट मिल जाता है, वो शीश नवांकर चला जाता है। 

Saturday, January 11, 2014

जनता की नज़रों से उतर गए अखिलेश यादव


 केवल दो सालों में ही उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और नौजवान मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जादू उतरने लगा है। सबसे पहले ये तो सरकार अपने धतकर्मों और करतूतों से ही जनता की नज़रों से गिर गई। रही सही कसर नरेंद्र मोदी और अरविंद केजरीवाल की आम जनता पार्टी की लहर ने पूरी कर दी। कहां तो प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने वाले अखिलेश यादव ये सपना देख रहे थे कि यूपी में उनका एकछत्र राज होगा तो दिल्ली की गद्दी पर उनके पिता मुलायम सिंह यादव बैठेंगे। लेकिन उनके अरमानों पर पानी फिरते दिखने लगा है और मुख्यमंत्री इसकी खीज मीडिया पर उतारने लगे हैं। हालिया प्रेस कांफ्रेस में अखिलेश यादव की तिलमिलाहट और गुस्से ने इसकी बानगी भी पेश कर दी। ये साबित कर दिया कि हर मोर्चे पर फेल साबित हो रही अखिलेश की सरकार अब अपनी आलोचना को बर्दाश्त करने का भी माद्दा खो चुकी है। दरअसल, अखिलेश यादव और उनकी समाजवादी पार्टी की इस बौखलाहट के पीछे कई कारण हैं। सबसे बड़ी बात तो ये है जिस तरह से दिल्ली में दीगर क़िस्म की राजनीति की लौ दिखाकर आम आदमी पार्टी ने आम लोगों का भरोसा जीता। ठीक उसी तरह से दो साल पहले अखिलेश यादव ने भी यूपी की जनता को सपने दिखाए थे। जनता को भी लगा था कि ये नौजवान वाकई यूपी को बदलने की हसरत रखता है। जनता ने प्रचंड बहुमत के साथ अखिलेश यादव को सत्ता की चाबी सौंप दी। लेकिन सत्ता में आते ही समाजवाद का असली चेहरा एक बार फिर सबके सामने आ गया। यूपी में सरकार के नाम पर केवल यादव परिवार का ही बोलबाला है। सूबे में कहने को तो मुख्यमंत्री है। लेकिन जनता देख रही है कि यादव परिवार के आधा दर्जन लोग सुपर सीएम के तौर पर बर्ताव कर रहे हैं। सरकार भी पहले ही दिन से तुष्टीकरण की सियासत में उलझ कर रह गई। नौसिखिया मुख्यमंत्री को लालफीताशाही ने अपनी चंगुल में जकड़ लिया। रही सही कसर मुज़फ्फरनगर के दंगों ने पूरी कर दी। इस दंगे की आंच में हाथ सेंकने का इरादा रखनेवाली समाजवादी पार्टी के हाथ ही झुलस कर रह गए। इस एक दंगे की वजह से सरकार को कई मोर्चों पर शर्मिंदगी उठानी पड़ी। इस दंगे से पहले तक पार्टी पर मुस्लिमपरस्त होने का आरोप लगता था। सरकार ने इस छवि को भुनाने की कोशिश भी की। दंगे के दौरान उस पर एक तरफा कार्रवाई करने का कलंक भी लगा। लेकिन शरणार्थी शिविरों में ठंड से ठिठुरकर शिशुओं और बच्चों की जब मौत हुई तब सरकार ने ऐसे बयान दिए कि इंसानियत शर्मसार हो गई। सरकार को ये कहने में तनिक भी शर्म नहीं आई कि ठंड से किसी की मौत नहीं होती। ऊपर से पार्टी सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के बयान के बाद अखिलेश यादव की सरकार के अफसरों ने जिस तरह से डंडे के दम पर शरणार्थी शिविरों में रह रहे लोगों को उजाड़ फेंका, उससे ये तबका भी नाराज़ हो गया। दूसरा तबका यानी यादव वोट बैंक पहले से ही सरकार की तुष्टीकरण की नीति से नाराज़ चल रहा था। मोदी और केजरीवाल की लहर के बीच अभी मुज़फ्फरनगर कांड की तपिश ठंडी भी नहीं पड़ी थी कि सरकार की करतूत ने लोगों के ग़ुस्से में घी डालने का काम किया। सरकार ने सैकड़ों करोड़ रुपए फूंककर मुलायम सिंह यादव के घर सैफई में तमाशा कर डाला। कहने को तो इस तमाशे से लोकगीत, लोक संगीत और स्थानीय खेलकूद को बढ़ावा मिलता है। लेकिन ये लोगों की समझ में नहीं रहा कि डेढ़ इश्किया माधुरी दीक्षित के कूल्हे पर थिरक रहे समाजवाद और दंबग सलमान ख़ान के कॉमों में दिखती ‘सरकार’ से किस तरह की लोकसंस्कृति फलेगा-फूलेगा। इस कथित लोकसंस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने 300 करोड़ रुपए फूंक डाले। लेकिन राम मनोहर लोहिया और जय प्रकाश नारायण के आदर्शों पर चलने का दम भरनेवाली अखिलेश यादव की समाजवादी सरकार के पास आलोचनाओं को सहने का धीरज भी नहीं बचा है। भरी महफिल में मुख्यमंत्री इस तरह की बातें करने लगे कि मानों जैसे कोई खिसयानी बिल्ली खंबा नोच रही हो। अपनी करनी पर पर्दा डालने के लिए मीडिया पर अपनी खीज उतार रहे हैं। मुख्यमंत्री होकर आरोप लगा रहे हैं कि एक बड़े अख़बार के बड़े संपादक को राज्यसभा से नहीं भेजा तो बदले में आकर उनके खिलाफ ख़बर छाप रहे हैं। शायद मुख्यमंत्री के सलाहकारों और सूचना विभाग ने उन्हें सही जानकारी दी कि अख़बार के मालिक या संपादक होने का अर्थ पत्रकार होना नहीं है। वो व्यापारी भी हो सकता है। एक पार्टी के मुखिया और मुख्यमंत्री ने एक अख़बार के मालिक के साथ समझौता किया था। तो फिर वो पूरी बिरादारी को कैसे आईना दिखा सकते हैं। झुंझलाए मुख्यमंत्री टीवी मीडिया को कोस रहे हैं कि हेलीकॉप्टर और हवाई जहाज़ में बैठकर इंटरव्यू दिया लेकिन दिखाया नहीं। इन नौसिखिए और अनाड़ी मुख्यमंत्री को राज काज संभालने के साथ साथ मीडिया मैनेजमैंट के गुर सीखने बाकी हैं। जिस पार्टी के मुखिया ने उन्हें मुख्यमंत्री के पद पर उन्हें बिठाया हो और वही ( मुलायम सिंह यादव) बार-बार सार्वजनिक मंच पर अपने बेटे की सरकार को लानत-मलानत भेजें तो क्या मीडिया इसे दिखाना बंद कर दे? जिस प्रदेश में समाजवादी पार्टी के मंत्री, सांसद, विधायक और नेता सड़कों पर खुलेआम गुंडागर्दी कर रहे हों और मुलायम सिंह यादव ही ऐसे नेताओं को बाज़ आने की नसीहत दे रहे हों तो क्या मीडिया इसे दिखाना बंद कर दे? लाल- नीली बत्ती की बंदरबांट पर जब अदालत ही कान उमेठे तो क्या इसे मीडिया दिखाना बंद कर दे? सच तो ये है कि जुमा-जुमा चार दिन के मुख्यमंत्री को शासन और राजनीति का ककहरा सीखने के लिए अभी लंबा समय तय करना है। पहले वो अपने परिवार और पार्टी को संभाले। फिर बाद में आकर किसी को नसीहत दें तो शायद जनता उनकी बात पर भरोसा भी करे। वर्ना पहले से ही लालफीताशाही के जाल में उलझे मुख्यमंत्री विवादों के भंवर में उलझ कर रह जाने वाले नेता के तौर पर इतिहास में याद रखे जाएंगे।

Saturday, September 14, 2013

हे राम, आडवाणी के साथ ये क्या हो गया !

'परम' आदरणीय श्री लाल कृष्ण आडवाणी जी सादर बहुत दिनों से सोच रहा था कि आपको एक 'पाती' लिखूं। आज लिख रहा हूं। जब आप आरक्षण के ख़िलाफ़ कमंडल थामे देशाटन पर निकले थे और जहां- जहां से आप गुज़रे थे, वहां काला धुआं छोड़ गए थे। हर तरफ ग़ुबार था। चीख-पुकार थी। कईयों की मांग से सिंदूर उजड़ गया था। कई बच्चे यतीम हो गए थे। आपकी वजह से ही कई बेवक़्त राम और अल्लाह को 'प्यारे' हो गए थे। उस समय हम आपसे सवाल पूछते थे तो प्रेस कांफ्रेस में आपके समर्थक पत्रकार तिलमिला जाते थे और हमें बताते थे कि उनका भगवा ब्रिगेड से कोई वास्ता नहीं हैं। वो हम जैसे नौजवान (उस समय) पत्रकारों को सही पत्रकारिता सीखा रहे हैं। बाद में समय ने उनका सही रंग दिखा दिया। ऐसे नसीहत देने वाले तीन पत्रकार आपकी कृपा से बीजेपी के सांसद हो गए। एक को आपने ऑफर दिया। लेकिन शायद गोविंदाचार्य जी के कहने पर उन्होंने आपका ये ऑफर ठुकरा दिया। आजकल रिटायर होने के बाद वो एक पाक्षिक पत्रिका निकाल रहे हैं। लेकिन इसमें कोई शक़ नहीं कि अटल बिहारी वाजपेयी, मुरली मनोहर जोशी और लाल कृष्ण आडवाणी की तिकड़ी की तौर पर जाने जानेवाली पार्टी ( उस समय तक सिकंदर बख़्त साहिब चल बसे थे) में आपका चेहरा सबसे कट्टर के तौर पर जाना जाता था। आपने अपने दोनों साथियों को लगभग किनारे लगा दिया था। वो तो बस क़िस्मत की बात थी या शायद उससे कहीं ज़्यादा.....सहयोगियों का दबाव कि अटल जी की गाड़ी निकल पड़ी। क्योंकि आपको लोग बहुत कट्टर और अटल जी को लोग सेक्युलर (हालांकि आप इस शब्द को सुडो सेक्युलर मानते थे और शायद आज भी होंगे) मानते थे। आप दावा करते थे कि आपकी पार्टी सभी पार्टियों से जुदा है। आप चाल, चरित्र और चेहरे का दम भरते थे। आपके साथ -साथ आपके अंग्रेज़ी दां कुछ नेताओं और पत्रकारों ने इस नारे का अंग्रेज़ी में रुपांतरण किया- पार्टी विद अ डिफरेंस। आप दावा करते थे कि जनता दल, कम्युनिस्ट और कांग्रेसी सत्तालोलुप हैं। वो कुर्सी के भूखे हैं। देश और समाज ( आप समाज को केवल हिंदुओं से जोड़कर देखते थे ) के लिए काम नहीं करते। आपने अपने जीवन में इस देश का सही नाम कभी नहीं लिया। आप हमेशा 'हिंदुस्तान' को 'हिंदूस्थान' कहते रहे। इस कट्टरवादी छवि से आपका वोट बैंक बढ़ता जा रहा था। लेकिन हम आपके इस नारे से सहमत नहीं थे। क्योंकि आपकी पार्टी भी बाक़ी पार्टियों की तरह ही मतलबपरस्त दिख रही थी। हम आपके नारे ( पार्टी विद ए डिफरेंस) को पचाने को तैयार नहीं थे। लेकिन देखिए....कहते हैं न! स्वर्ग भी यहीं और नर्क भी। आपसे सियासत सिखनेवाला आपके ही गैंग का नरेंद्र मोदी कट्टरवादी छवि में आपसे आगे निकल गया। आप बिलबिलाने लगे। कुलबुलाने लगे। तमतमाने लगे। आपका बाग़ी चेहरे लोगों ने दिख लिया। और इसी के साथ आप औऱ आपकी पार्टी ने लगभग दो दशक बाद ये साबित कर दिया कि बीजेपी वाकई पार्टी विद ए डिफरेंस हैं। क्योंकि आज आपकी पार्टी में केवल डिफरेंस ही दिखाई दे रहा है। एक नहीं। श्री आडवाणी जी, आपके साथ पेशेवर तौर पर वक़्त गुज़ारा। आपसे सवाल-जवाब को लेकर बहस-मुबाहिस भी हुई। इन सबके लिए माफ कीजिएगा। लेकिन जाते -जाते एक बात और ......मैं आपको बताना चाहूंगा कि मैं धार्मिक हूं। पूजा-पाठ भी करता हूं। लेकिन कट्टर नहीं। किसी और मज़हब के लोगों के लिए दिल में नफऱत नहीं पालता। क्योंकि मेरा मज़हब ये नहीं सिखाता । इसलिए कुछ 'बनाने' के लिए कुछ 'तोड़ने' का जी नहीं चाहता और न ही इसके लिए किसी को उकसाता हूं। क्योंकि मुझे पता है कि जैसा बोऊंगा, वैसा ही काटूंगा। इस बात को अभी भी आप समझ लीजिए कि आपने जैसा बोया था, वैसा ही काट रहे हैं। लेकिन एक बात मानता हूं कि बीजेपी को सत्ता में लानेवाले आप ही थे। कभी आप संघ के प्रिय थे, जैसे कि आज मोदी हैं। आपने कट्टरता, अतिवादी और अतिरेक के सहारे पार्टी को कई बार सत्ता का सुख दिया। लेकिन ख़ुद कभी प्रधानमंत्री नहीं बन पाए। क्योंकि देश का मिज़ाज ही ऐसा नहीं कि वो किसी कट्टर और धर्मांध आदमी के हाथ में सत्ता की चाबी दे दे। यक़ीन मानिए...जब ये चाबी आपके नहीं मिली तो फिर किसी को नहीं मिलेगी। अपना ध्यान रखिएगा। सादर

Sunday, July 28, 2013

‘ममता’ की ‘निर्मोही’ राजनीति

लंबे संघर्ष के बाद पश्चिम बंगाल की सत्ता हासिल करनेवाली तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बैनर्जी और उनके नेता- विधायक बेलगाम हो गए हैं। ‘भद्र लोक’ कहे जाने वाले राज्य में ममता बैनर्जी की पार्टी के नेता, विधायक और मंत्री निरंकुश हो गए हैं। लोकतंत्र की धज्जियां उड़ा रहे हैं। लेकिन अपने नेताओं पर लगाम लगाने की जगह लोकतंत्र की कथित सबसे बड़ी पैरोकार ममता उनके बचाव के लिए तरह तरह के तर्क गढ़ रही हैं। उनके इस तर्क से इस तरह के नेताओं को शह मिल रहा है। ज़ाहिर है कि जब मुख्यमंत्री ही अपने मंत्रियों का इस तरह से खुलकर बचाव करें तो पुलिस- प्रशासन की किया बिसात कि उन पर हाथ डाले। पंचायत चुनाव के दौरान तृणमूल कांग्रेस के नेताओं और विधायकों ने जिस तरह से खुलकर ‘उत्पात’ मचाया और पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही, उससे ममता बैनर्जी की बहुत किरकिरी हो रही है। चुनावी हिंसा के मामले में पश्चिम बंगाल ने पड़ोसी राज्यों को भी काफी पीछे छोड़ दिया। हद तो ये हो गई कि तृणमूल के विधायक तो विधायक, क़स्बाई स्तर के नेता भी खुलेआम हत्या कर देने और पुलिस को बम से उड़ा देने की धमकी देते रहे। लेकिन पुलिस कार्रवाई करने की जगह मुंह छिपाती नज़र आई। दरअसल, ममता और उनके साथियों की घबराहट और छटपटाहट की वजह भी बेहद साफ है। ममता पहले वामपंथियों से दो-दो हाथ करती थीं। वामपंथी सत्ता से बाहर हो गए। लेकिन उसी तरह के लोग तृणमूल में भी नज़र आने लगे, जिन्हें नैतिकता, आदर्श और सिद्धांत से कोई लेना- देना है। इस जमात के लोग अपना घर भरने में लगे हैं। क्या पता फिर कभी सतता की मलाई चाटने को मिले या न मिले। लिहाज़ा जिन पर क़त्ल, बलात्कार, डकैती, लूट-मार, क़ब्ज़ा करने जैसे संगीन आरोप हैं, वो सब तृणमूल में जा मिले ताकि उन पर पुलिस हाथ न डाल सके और उनका धंधा- पानी चलता रहा। इस तरह के लोगों में से जो लोग बड़े पद हासिल नहीं कर पाए, वो संगठन में छोटे-मोटे पदों से ही संतोष करते रहे। लेकिन आदत नहीं गई। लेकिन कुछ ऐसे भी रहे, जिन्हें सत्ता की मलाई खाने को नहीं मिली। लिहाज़ा वो बाग़ी हो गए। आजकल पूरी तृणमूल पार्टी वामपंथियों और कांग्रेसियों को छोड़कर अपने इन्हीं बाग़ियों से दो-दो हाथ करने में सारी उर्जा खपा रही है। बीरभूम ज़िले के पार्टी अध्यक्ष हैं अनुब्रतो मंडल, जो अपने आपको ममता बैनर्जी के सबसे बड़ा हितैषी साबित करने पर तुले हैं। इसी तरह से इस ज़िले के लाभपुर विधानसभा के विधायक मोइनुल इस्लाम भी खुद को सच्चा ममता भक्त साबित करने पर आमादा हैं। इन दोनों को अपनी स्वामिभक्ति पेश करने का मौक़ा पंचायत चुनाव के दौरान मिल गया। विधायक जी ने मंच से कांग्रेस के नेता के लिए ये तक कह दिया कि उनका सिर धड़ से अलग करने में उन्हें पल भर की भी देरी नहीं लगेगी। अपनी ताक़त का अहसास कराते हुए वो यहां तक कह गए कि तीन लोगों को अपने पैरों तले रौंदने में चुटकी भर की भी देरी नहीं लगी थी। इसी तरह से अनुब्रतो ने बाग़ियों को ललकारते हुए कहा था कि उनके कार्यकर्ता उन्हें नामंकन जमा करने नहीं देंगे। अगर वो पार्टी के लिए सिरदर्द साबित हुए तो उनके घरों को आग लगा दी जाएगी। अगर पुलिस या प्रशासन ने ऐसे लोगों की मदद करने की सोची तो उन पर बम बरसाया जाएगा। लोकतंत्र का खुलेआम धज्जियां उड़ने के बाद हर तरफ ममता की कड़ी आलोचना होने लगी। लेकिन ममता अपने ही धुन में मगन हैं। ऐसे नेताओं को उन्होने फटकार नहीं लगाई। उल्टे उन्हें पुचाकारा। विधानसभा में अपने नेताओं का बचाव करने उतरीं ममता ने ये तर्क गढ़ा कि उनके नेताओं ने ऐसा कुछ कहा ही नहीं है। ये तो मीडिया है, जो उनके पीछे पड़ा है और पुराने बयानों को टीवी न्यूज़ चैनलों पर चला रहा है। हैरानी इस बात की भी है कि जिस नेता से बाक़ी नेताओं की जान को ख़तरा है, ममता सरकार उसी को सुरक्षा देने पर आमादा है। सरकार का इरादा अनुब्रतो मंडल को ज़ेल श्रेणी की सुरक्षा देने का है। बहरहाल, सवाल ये है कि जिस ममता ने कथित अत्याचार और गुंडागर्दी के खिलाफ मोर्चा खोला और जनता को यक़ीन दिलाकर सत्ता में आईं कि वो सूबे में अब कुछ भी गलत नहीं होने देंगी। आख़िर आज ऐसा क्या हो गया कि ममता को अपने सिद्धांतों और आदर्शों की तिलांजलि देनी पड़ रही है। आदतन कांग्रेसी ममता क्या महात्मा गांधी के उस बात का सच साबित करने पर तुली हैं कि अगर किसी की ईमानदारी परखनी हो तो पहले उसे सत्ता में बिठाओ।

Wednesday, April 18, 2012

फिर लौट आया बंगाल में ‘संत्रास काल’


पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी एक के बाद एक जिस तरह से ताबड़तोड़ फैसले कर रही हैं, उसके बाद सियासी फिज़ा में यही सवाल गूंज रहा है कि क्या 1972 के संत्रास यानी आतंक काल की वापिसी हो चुकी है। सरकार के फैसलों के इतर जिस तरह से सूबे में तृणमूल कांग्रेस के समर्थक और मंत्री तांडव कर रहे हैं, उससे इस क़यास को और बल मिल रहा है। शहर में दिन दहाड़े वैज्ञानिक की पिटाई हो रही है। वैज्ञानिक की बेटी की इज्ज़त पर हाथ डाला रहा है और पुलिस फरियाद सुनने से ही इनकार करती है। हद तो ये है कि ऊपर से ममता के मुंहलगे मंत्री खुलेआम वामपंथी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को धमका रहे हैं। तुग़लकी फरमान जा कर रहे हैं। ऐसे नेताओं और मंत्रियों पर लगाम कसने की बजाए तृणमूल सुप्रीमो ममता बैनर्जी उल्टे मीडिया को धमका रही हैं। आरोप लगा रही हैं कि मीडिया उनकी छवि ख़राब करने पर लगा है। मीडिया केवल उनकी सरकार की निगेटिव इमेज को जनता के सामने परोस रहा है।
बारूइपुर की एक घटना ने बीस साल पुरानी घटना की याद दिला दी और इसी के साथ महात्मा गांधी को वो सूत्र याद पड़ गया कि किसी की ईमानदारी और वादे को परखना हो तो पहले उसके हाथ में सत्ता दो। नब्बे के दशक में नदिया ज़िले की एक गूंगी और बहरी लड़की के साथ कथित तौर पर बलात्कार हुआ। ममता बैनर्जी तब कांग्रेस में हुआ करती थी और राजीव गांधी की सरकार में राज्य मंत्री हुआ करती थीं। ममता ने आरोप लगाया कि उस लड़की के साथ सीपीएम के स्थानीय नेता ने बलात्कार किया है और सरकार के दबाव में आकर पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही। उस समय ज्योति बसु मुख्यमंत्री हुआ करते थे। ममता बनर्जी उस लड़की के अलावा दर्जनों मुंहलगे पत्रकारों के साथ राइटर्स बिल्डिंग पहुंच गईं औऱ बिना अप्वाइनमेंट के मुख्यमंत्री के साथ मिलने की ज़िद पर अड़ गईं। लेकिन जब उन्हें ख़बर लगी कि मुख्यमंत्री नहीं आए हैं तो मौक़े पर मौजूद एक युवा आईपीएस ऑफिसर के गाल पर चांटे रसीद कर दिए। आईपीएसपी भी कम न था। उसकी टीम ने भी तबीयत से ममता की ख़बर ले ली। इसके बाद ममता ने बड़ा बखेड़ा किया।
कहते हैं कि इतिहास अपने आपको दोहराता है। लगभग बाइस चौबीस साल पुरानी घटना फिर घटी। फर्क़ इतना रहा कि केवल पात्र बदल गए। इस बार कोलकाता से सटे दक्षिण चौबीस परगना के बारूइपुर में किराए के घर में रहने वाले वैज्ञानिक डॉक्टर अपरेश भट्टाचार्य के घर पर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आधी रात को हमला बोल दिया। उनकी तीस साल की बेटी को घसीटकर घर से बाहर निकाला। बुज़ुर्ग पिता के सामने उसकी बेटी को नंगा किया। बकौल पिता, उनकी बेटी के साथ ‘श्लीलताहानि’ यानी इज्ज़त पर हाथ डाला गया। पढ़े-लिखे वैज्ञानिक को पूरा भरोसा था कि बदली हुई सरकार में उनके साथ पूरा इंसाफ मिलेगा। वो अपनी बेटी के साथ थाने गए। दारोगा को बताया कि वो अपने मकान मालिक के घर ख़रीदना चाहते थे। दो लाख की पेशगी भी दी। लेकिन बाद में पता चला कि दस्तावेज़ फर्ज़ी हैं। उन्होंने असली काग़जात की मांग की तो उनके साथ ये हाल हुआ। लेकिन दारोगा का जवाब सुनकर डॉक्टर साहेब के पैरों तल ज़मीन खिसक गई। थानेदार ने बैरंग लौटा दिया। दूसरे दिन बडे उम्मीदों के साथ ‘मां, माटी, मानुष’ की सरकार की मुखिया ममता बैनर्जी से मिलने चले गए। लेकिन आम लोगों की मुख्यमंत्री ने मिलने से इनकार कर दिया। मुख्यमंत्री के सरकारी बाबुओं ने कोई भी शियाकत लेने से मना कर दिए। वैज्ञानिक साहेब टका सा मुंह लेकर लौट आए। उनके सामने कट्टरवादी वामपंथी सरकार बनाम उदारवादी सरकार का असली चेहरा सामने आ चुका था।
उदारवादी सरकार का एक और चेहरे पर ग़ौर फरमाइए। पश्चिम बंगाल के नए खाद्य मंत्री ज्योतिरर्प्रिय मल्लिक ने तुग़लकी फरमान जारी कर दिया। तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को हुक़्म जारी कर दिया कि अगर किसी ने वामपंथी नेताओं और ख़ास तौर पर सीपीएम के नेताओं, कार्यकर्ताओं और सनर्थकों के घर में शादी की तो ख़ैर नहीं। टीमीएस का कोई भी आदमी किसी भी वामपंथी के न्योते को स्वीकार नहीं करेगा। यहां तक की कि किसी वामपंथी के बगल में नहीं बैठेगा। कहीं हाट- बाज़ार, सड़क- चौराहे पर मुलाक़ात हो जाए तो दुआ सलाम भी नहीं करेगा। क्योंकि वामपंथियों का सामाजिक बहिष्कार करना है। मंत्री जी को ये कहने में तनिक भी हिचक नहीं हुई और न ही शर्म आई। उन्होने दो टूक दिया कि वामपंथियों के साथ प्रतिशोध लेना है। अगर मेल जोल बना रहा तो प्रतिशोध लेने में दिक्कत आएगी। लोकतंत्र में अगर कोई मंत्री हिंदी फिल्मों की तरह ख़ून के बदले ख़ून का नारा दे रहा हो और पुलिस और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी रहे, तो इससे बड़े बेचारगी भला और क्या हो सकती है। ममता बैनर्जी के मुंहलगे मंत्री के इस चेतावनी और फरमान को वैज्ञानिक पर हुए ज़ुल्म से जोड़ कर देखा जा सकता है।
ज्योतिर्प्रिय मलिक मंत्री हैं। इसलिए उनकी बात दूर तलक फैल गई। लेकिन वो बातें आज भी बड़े फलक पर नहीं आ रहीं , जो पश्चिम बंगाल के दूर दराज़ के गांवों से लेकर महानगर कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस के छोटे-मेट नेता और कार्यकर्ता कर रहे हैं। बंगाल के स्कूल कॉलेजों में शिक्षकों और प्रोफेसरों को लगातार अपमानित किया जा रहा। उन पर ये आरोप लगाया जा रहा है कि वो वामपंथी हैं और स्कूल- कॉलेजों में बच्चों के दिल ओ दिमाग़ में वामपंथ का ज़हर बोया। यही हाल सरकारी अस्पतालों का भी है। तृणमूल के छुटभैय्ये नेता आए दिन तरह तरह के मरीज़ों को भर्ती करने का सिपारिशी पत्र भेज रहे हैं। जो अस्पताल या डॉक्टर उनकी नहीं सुनते हैं तो फिर शामत आ जाती है। डॉक्टरों, कंपाउंडरों, नर्सों और अस्पताल कर्मियों की पिटाई कर अपनी लोकतांत्रिक ताक़त दिखाने का मौक़ा नहीं चूकते।
बंगाल में ये हालात देखकर ये कहना ग़लत नहीं होगा कि जब सैंया भए कोतवाल तो अब डर काहे का। लोकतंत्र में तानाशाही और नादिरशाही रवैया दिखानेवालों पर नकेल कसने के बजाए मुख्यमंत्री उल्टे मीडिया को दोष दे रही हैं। ममता को तकलीफ इस बात की है कि इस तरह की घटनाओं को मीडिया क्यों दिखा और छाप रहा है। कल तक वामपंथी सरकार का पाप को घड़ा दिखाने के लिए ममता मीडिया के सामने बिछी रहती थीं। तब उन्हें भरोसा था कि मीडिया जो दिखाता है, वो सच होता है। लेकिन आज उनका अपना आप पर से ही भरोसा उठ गया है। उन्हें लगता है कि मीडिया सच नहीं दिखाता। वो राइटर्स बिल्डिंग में ये कहने में संकोच नहीं करतीं कि मीडिया केवल सरकार के ग़लत कामों को दिखा रहा औऱ अच्छे कामों पर पर्दा डाल रहा है। सत्ता के मद में चूर ममता ये आरोप लगाने से भी नहीं चुकतीं कि मीडिया उन्हें साज़िश के तहत बदनाम कर रहा है। उल्टे वो झूठा दम भर रही हैं कि उन्होने सूबे के विकास के लिए किए गए तमाम वादों को पूरा कर दिया है। ये दम उस समय ममता भर रही हैं, जब सरकार के पास ग़रीबों को राशन में देने के लिए चावल और गेहूं नहीं है और इसके लिए वो केंद्र सरकार के सामने हाथ फैला रही है।
अब सवाल ये है कि क्या पश्चिम बंगाल की जनता ने व्यक्तिगत दुश्मनी निभाने के लिए ममता सरकार को जनादेश दिया था। या फिर जनता ने इसलिए ममता बैनर्जी को सरकार की चाबी सौंपी थी ताकि जो काम पिछले 34 साल में वामपंथी सरकार नहीं कर पाई। वो काम अब ग़ैर वामपंथी सरकार करके दिखाए। लेकिन अफसोस तो इस बात का है कि जिस वादे और भरोसे के साथ ममता बैनर्जी सरकार में आई थीं, आज उसी को ठेंगा दिखा रही हैं। खुद ममता स्वीकार कर चुकी हैं, उन्हें ख़ज़ाना खाली मिला है। सूबे के विकास के लिए धेले भर भी पैसा वामपंथी सरकार ने नहीं छोड़ा। इसके लिए उन्होंने विशेष पैकेज की मांग कर केंद्र पर दबाव भी बनाया। लेकिन ये मांग भी दिखावे का ही साबित हुआ। क्योंकि जल्द ही वो सब कुछ भूल गईं और विशुद्ध तौर पर सियासत में मशगूल हो गईं।
सरकार बनने को एक साल पूरे होने जा रहे हैं। लेकिन इन महीनों में ममता बैनर्जी बतौर मुख्यमंत्री अपना छाप छोड़ पाने में नाकाम रहीं। आज भी उनकी छवि एक सियासी सौदेबाज़ के तौर पर ही बनी रही। एक ऐसे राजनेता की छवि बनी जो बात-बात पर तुनक जाता है और बेसिर पैर की शर्तें केंद्र सरकार के सामने रखता है । राज्य क़र्ज़ में डूबा है। बेरोज़गारों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जो कारखाने बंद हो गए, वो आज भी ताला खुलने की राह देख रहे हैं। नक्सली समस्या आज भी बरक़रार है। राजनीतिक हिंसा आज भी बंद नहीं हुई है। शिक्षा का स्तर अब भी नहीं सुधरा है। लेकिन सौ फीसदी लक्ष्य हासिल कर लेने का दावा करनेवाली ममता इन तमाम मुद्दों को हाशिए पर रखकर डिज़िइलटल के दौर में जा रहे टीवी के सैट टॉप बॉक्स की राजनीति कर रही हैं।
दरअसल, कमज़ोर विपक्ष की वजह से ममता बैनर्जी निरंकुश हो चुकी हैं। उन्हें लगता है कि जिस तरह से जनता ने उन्हें जनादेश देकर सरकार में बिठाया, उसके बाद वो कुछ भी करने के लिए आज़ाद हैं। जनता उनके फैसले पर सवाल खड़े नहीं करेगी, क्योंकि वो ये कहकर उनका मुंह बंद कर देंगी, कि 34 सालों में वामपंथियों ने जो कबाड़ा किया था, उसे दुरूस्त करने में वक्त लगेगा और इसके लिए उन्हें कठोर फैसले भी लेने पड़ेंगे, जो लोगों को नागवार भी गुज़र सकते हैं। लेकिन वो ये तमाम क़दम इसलिए उठा रही हैं ताकि राज्य और आम आदमी का भला हो सके। लेकिन ममता के ये क़दम ‘मां, मांटी और मानुष’ वाले राज्य के लोगों को हजम नहीं हो रहा। क्योंकि ये राज्य कभी अपने पड़ोसी राज्यों के सियासी अक्खड़पन और लाचारी पर हंसता था। इस राज्य के लोग ये देखकर खुश होते थे कि केंद्र में चाहें किसी की भी सरकार हो लेकिन जब भी कोई राष्ट्रीय मुद्दे की बात आई तो सलाह के लिए प्रधानमंत्री ख़ुद चलकर कोलकाता आए और मुख्यमंत्री से मिले। चाहें इंदिरा गांधी रही हों या फिर वी पी सिंह या चंद्रशेखर । केंद्र की हर सरकारों ने बड़े मुद्दे पर इस छोटे से राज्य से सलाह मशविरा किया और उन्हें माना। बंगाल इस पर नाज़ करता था। लेकिन आज बंगाल ये देखकर हैरान है कि आज छोटी सी छोटी बात के लिए भी केंद्र के सामने बंगाल की छवि एक ब्लैकमेलर सरकार के तौर पर बन रही है। ममता को अहसास हो चला है कि जिस तेज़ी से उन्होंने लोकप्रियता हासिल की थी, आज उसी तेज़ी के साथ उनकी लोकप्रियता गिर रही है। क्योंकि उनके पास लोगों को दिखाने के लिए कोई काम नहीं है। वो खम ठोक कर ये नहीं कह सकतीं कि इतने कल कारखाने खुलवा दिए या नए लगवा दिए। इनतने हज़ार करोड़ रुपए का पूंजी निवेश हुआ है। या फिर इनते हज़ार, लाख या करोड़ लोगों को रोज़गार दिए हैं। ज़ाहिर ये सब न कर पाने की मजबूरी में आकर ममता इनदिनों और आक्रामक हो गई हैं। और अपनी छवि बनाए रखने के लिए ऐसे फैसले और बयटान दे रही हैं, जो उनकी छवि को सुधारने की बजाए और धूल धूसरित कर रहा है।

Saturday, March 31, 2012

ममता बैनर्जी का फासीवाद


कहने को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो लोकतंत्र की सबसे बड़ी पैरोकार हैं। लेकिन उनके फैसलों से सामंती सोच और एकनायकवाद की बू आती है। ममता ने हाल ही में एक ऐसा फैसला सुनाया, जिसे सुनकर सब सन्न हैं। क्योंकि ममता का ये फैसला या यूं कहे कि आदेश कतई लोकतंत्र का सम्मान नहीं करता। ममता ने फरमान जारी किया है कि सूबे में सरकारी और सरकारी पैसे से चलनेवाले लाइब्रेरियों में केवल आठ ही अख़बार आएंगे। वो अख़बार कौन से होंगे, इसका फैसला भी ख़ुद ममता बैनर्जी ही करेंगी। ममता ने एक झटके में सभी अंग्रेज़ी अख़बार बंद कर दिए। हिंदी के एक अख़बार को लाइब्रेरी में जगह दी। उर्दू के दो और बांग्ला के पांच अख़बारों को ख़रीदे जाने की अनुमति दी है। सरकार ने इसके लिए बाक़ायदा सर्कुलर भी जैरी कर दिया है। ममता का दावा है कि वो नहीं चाहतीं कि पाठकों पर ज़बरदस्ती कोई वाद या सोच थोपी जाए। इसलिए ऐसे अख़बारो पर पाबंदी लगाई गई , जो किसी पार्टी के सिद्धांत, वाद, स्वार्थ, मतलब और हितों को साधते हैं।
सरसरी तौर पर देखें तो ममता का ये फैसला लोगों को जायज़ लगेगा। लेकिन जो लोग पश्चिम बंगाल को समझते हैं और वहां के बौद्धिकता को पहचानते हैं, उन्हें ये समझने में तनिक भी देर नहीं लगेगी कि ममता ने मीडिया पर अंकुश लगाने की कोशिश की है। ममता के इस फैसले से साफ हो गया है कि तृणमूल सरकार और ममता बैनर्जी की बैंड बजाने वाले अख़बारों की ख़ैर नहीं है। जो अख़बार ममता का भोंपू बनने को तैयार हो, जो पत्रकार ममता के इशारे पर अपनी कलम गिरवी रखने को तैयार हो, ममता उसी अख़बार को लाइब्रेरी में जगह देंगी।
ममता कितनी बड़ी झूठ बोल रही हैं, इसका नमूना लाइब्रेरी में आनेवाले अख़बारों से ही पता चल जाता है। लाइब्रेरी में बांग्ला अख़बार संवाद प्रतिदिन के आने पर कोई रोक नहीं लगाई गई है। जबकि इस अख़बार के दो पत्रकार सीधे-सीधे तौर पर तृणमूल कांग्रेस से जुड़े हुए हैं। इस अख़बार के संपादक सृजय बोस और सहायक संपादक कुणाल घोष दोनों ही तृणमूल कांग्रेस से हाल ही में राज्यसभा के सांसद चुने गए हैं। वैसे, बांग्ला भाषी राज्य में अच्छी खासी आबादी वाले हिंदी भाषियों के होने के बावजूद हिंदी की दुर्दशा हो रही है। कोलकाता से गिने चुने ही हिंदी अख़बार निकलते हैं। लेकिन ममता ने एक ही हिंदी अख़बार को हरी झंडी दी है। इस अख़बार के मालिक- संपादक विवेक गुप्ता हैं। विवके गुप्ता भी राज्यसभा से तृणमूल कांग्रेस के सांसद हैं। लाइब्रेरी में केवल दो उर्दू के अख़बार आज़ाद हिंद और अख़बार ए मशरीक़ आएगा। अख़बार ए मशरीक के संपादक नदीमुल हक़ भी तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद हैं। अगर ममता की पहले के दावे पर यक़ीन करें तो सवाल खड़ा होता है कि जिन अख़बारों के मालिक और संपादक तृणमूल कांग्रेस के नेता हैं, उनके अख़बारों को ममता ने कैसे निष्पक्ष मान लिया।
हैरानी इस बात की भी है कि ममता ने बांग्ला के जिन दो अख़बारों पर रोक लगाई है, वो सूबे के सबसे ज़्यादा लोकप्रिय हैं। हैरानी इस बात पर भी है कि आनंद बाज़ार पत्रिका और बर्तमान अख़बार को ममता समर्थक माना जाता रहा है। ये दोनों अख़बार लंबे समय से वाममोर्चा और ख़ासकर सीपीएम को निशाना बनाते रहे हैं। चाहे ज्योति बसु की सरकार रही हो या फिर बुद्धदेब भट्टाचार्य की, इन अख़बारों ने सरकार की बखिया उधेड़ेने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। बर्तमान ने तो सबसे पहले ममता बैनर्जी को बंगाल की शेरनी का ख़िताब तक दे दिया था।

ममता के फैसले को लेकर और भी कई सवाल उठ रहे हैं। पहला सवाल तो यही पूछा जा रहा है कि भाषा को लेकर ममता बैनर्जी इतना दुराग्रही क्यों हैं। आख़िर ममता ने क्यों अंग्रेज़ी के अख़बारों को निशाना बनाया। क्यों अंग्रेज़ी के अख़बार ख़रीदने पर रोक लगाई। अगर ममता हिंदी के एक अख़बार को अनुमति दे सकती हैं तो कम से कम एक अंग्रेज़ी अख़बार को तो अनुमति दे ही सकती हैं। ये सवाल इसलिए भी गंभीर है कि क्योंकि पश्चिम बंगाल के लोग अपने बच्चों की अंग्रेज़ी अच्छी चाहते हैं। बांग्ला भाषा को लेकर मरने- मारने पर उतारु रहनेवाला समाज शुरू से ही अंग्रेज़ी को लेकर चौकन्ना रहा है। इसकी एक बड़ी वजह तो बंगाल पर अंग्रेज़ों का राज रहा है। इसलिए लोग शुरू से ही अंग्रेज़ी को लेकर ख़ासा दिलचस्पी रखते आए हैं। औलादा बेशक़ किसी भी भाषा से स्कूली पढ़ाई करता हो लेकिन उसे घर में अलग से अंग्रेज़ी ज़रुर सिखाई जाती है। एक ज़माने में संभ्रात परिवार का अख़बार माने जाने वाले द स्टेट्समैन मध्य और उच्च वर्ग के घरों में ज़रुर ख़रीदा जाता था। परिवार के बड़े-बुज़ुर्ग अपने बच्चों को समझाते थे कि इस अख़बार के ज़रिए वो अपनी भाषा और शब्द ज्ञान को और मज़बूत कर सकते हैं।
ममता के इस फैसले को लेकर हैरानी इस बात पर भी हो रही है कि कभी अंग्रेज़ी के घोर विरोधी रहे समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने समय के साथ क़दमताल करते हुए अंग्रेज़ी विरोध त्याग दिया। लेकिन आज जो ये राज्य सोचता है, कल वो सारा देश सोचता है का नारा देनेवाले सूबे की मुखिया ने अंग्रेज़ी पर ही रोक लगा दी। जिन्हें अंग्रेज़ी से प्रेम है और जो समृद्ध हैं, वो तो अंग्रेज़ी अख़बार ख़रीद लेंगे। लेकिन जो बच्चे ग़रीब परिवार से आते हैं और जो लाइब्रेरी में ही पढ़ाई करते हैं, उनका क्या होगा। अगर उनकी इतनी हैसियत होती तो क्या वो लाइब्रेरी में पढ़ने आते। लेकिन ग़रीबों की हिमायती बनने वाली ममता बैनर्जी की सेहत पर फर्क नहीं पड़ता। वो बड़े दंभ के साथ कहती हैं, जिसे जो अख़बार पढ़ना है, वो ख़रीद कर पढ़े। ये उसी ममता बैनर्जी का बयान है, जो रेल किराया बढ़ाए जाने के फैसले के ख़िलाफ़ ये कहते हुए छाती पीट रही थीं कि ग़रीबों का क्या होगा।
अख़बारों पर पाबंदी के फैसले को लेकर ममता बैनर्जी की तीखी आलोचना होने लगी है। लेकिन ममता को अपनी आलोचना भी बर्दाश्त नहीं। आलोचनाओं से घबराई ममता उल्टे मीडिया को ही नसीहत दे रही हैं। अपने फैसले से फासिस्ट कहे जाने से आहत ममता अब ये कह रही हैं कि फासीवाद उन्हें मीडिया से सीखने की ज़रुरत नहीं है। तमतमाई ममता पूछती हैं कि जब नंदीग्राम और सिंगूर में हिंसा हुई थी, तब ये अख़बार वाले कहां मुंह छिपाए बैठे थे। अपने चेहते दो चार प्रादेशिक न्यूज़ चैनलों को हथियार बनाकर सफाई देते घूम रही हैं। ममता का कहना है कि लाइब्रेरी का मामला बेहद छोटा है। ममता की मासूमियत देखिए। कह रही हैं कि छोटा लाइब्रेरी होता है। सरकार के पास बेहद छोटा बजट होता है। इसलिए सरकार चाहती है कि इन लाइब्रेरियों के ज़रिए छोटे-छोटे अख़बारों को प्रोमोट किया जाए। लेकिन इस छोटी सी बात को लेकर मीडिया का एक तबका गंदी राजनीति कर रहा है। ममता इस बात से भी नाराज़ हैं कि उन्हें मौक़ापरस्त कहा जा रहा है। सूबे में सबकी ज़ुबान पर एक ही सवाल है कि जिन अख़बारों ने ममता को सत्ता तक पहुंचाया, उसके साथ ममता ने ऐसा सलूक क्यों किया। ममता को ये सवाल अखर रहा है। इसलिए वो ये दावा कर रही हैं कि इन अख़बारों की पैदाइश के पहले से ही वो राजनीति कर रही हैं। अब ममता को कौन समझाए कि बांग्ला के एक मशहूर अख़बार तब से निकल रहा है, जब उनके पिताजी शायद हाफ पैंट में स्कूल में पढ़ने जाते होंगे।
इसमें कोई शक़ नहीं कि ममता बैनर्जी को पश्चिम बंगाल की मीडिया ने बनाया। स्थानीय मीडिया ने इस बात को भी छिपाया कि ममता ने अपने राजनीतिक गुरू सुब्रतो मुखर्जी के साथ क्या सलूक किया। एक समय पश्चिम बंगाल में सुब्रतो के नाम का डंका बजा करता था। उसी सुब्रतो ने हाथ पकड़कर ममता को सियासत का ज्ञान दिया। लेकिन जब सुब्रतो के दिन लदे तो शिष्या ममता ने भी मुंह फेर लिया। बेशक़ अपनी पार्टी में उन्हें जगह दी। लेकिन भरोसा कभी नहीं किया। सुब्रतो मुखर्जी जब कोलकाता के मेयर चुने गए तो अपने ख़ास पार्थो चैटर्जी से जासूसी करवाई। हद तो ये हो गई कि जब लोकसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के कई सांसद चुनाव जीतकर आए। इनमें से तो कई ममता से बहुत वरिष्ठ हैं। सियासत में भी और उम्र में भी। एक दो तो 1971 में सिद्धार्थ शंकर रे की सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। लेकिन जब केंद्र में मंत्री बनाने की बात आई तो किसी को भी केंद्रीय मंत्री नहीं बनाया। यहां तक कि सौगत राय को भी राज्य मंत्री ही बनवाया। लेकिन मीडिया ने इस मामले को तूल नहीं दिया। समर्थक अख़बार दीदी की गुणगान में ही लगे रहे।
ममता के इस फैसले की तुलना आपातकाल से की जाने लगी है। यहां तक कहा जा रहा है कि जो पाबंदियां आपातकाल के दौरान नहीं लगी, अब वो ममता पूरा करने जा रही हैं। दरअसल, सत्ता में आने से पहले मीडिया से घुल मिल कर रहने वाले ममता बैनर्जी मीडिया को समझ ही नहीं पाईं। किसी भी आंदोलन से पहले अपनी एक महिला सहयोगी और पुरुष सहयोगी के ज़रिए मीडिया से संपर्क साधने वाली ममता को ये लगने लगा था कि मीडिया तो उन्ही के इशारे पर नाचेगा। क्योंकि उनके कहने पर अगर मीडिया का एक बड़ा तबका वाम मोर्चा सरकार की धज्जियां उड़ा सकता है तो उनके कहने पर उनकी सरकार की तारीफ नहीं कर सकता। लेकिन ममता को जल्द ही समझ में आ गया कि मीडिया उनके इशारे पर नाचने से रहा। क्योंकि मीडिया को जो दिखेगा, वो उसे छापेगा और दिखाएगा। क्योंकि उसका काम ही सरकार की खामियों को जनता के सामने लाना और जनता को बताना कि जिसे उसने चुनकर भेजा है, वो उसके साथ क्या कर रहा है। उसके गाढ़ी कमाई का कैसे बेजा इस्तेमाल कर रहा है।
अख़बारों और न्यूज़ चैनलों में अपनी करतूत देखना ममता को गंवारा नहीं हुआ। पश्चिम बंगाल के अस्पतालों में जब बच्चों की मौत हुई तो मीडिया ने इसे प्रमुखता से दिखाया और छापा। मीडिया का ये तेवर ममता को रास नहीं आया। ग़ुस्से में आकर वो बोल गईं, जो एक मुख्यमंत्री को कतई नहीं कहना चाहिए। तमतमाई ममता ने ये कह दिया कि बच्चों की मौत तो वाम मोर्चा सरकार के दौरान भी होती थी। ममता के इस बयान को पश्चिम बंगाल की जनता ने पसंद नहीं किया। हद तो तब हो गई, जब अपनी पढ़ाई लिखाई पर नाज करने वाला बांग्ला भाषी समाज ने दसवीं की परीक्षा में खुलेआम ‘टुकली’ यानी नक़ल होते हुए देखा। इस तस्वीर को देखने के बाद लोगों को शिक्षा का भविष्य दिखने लगा। इन दोनों घटनाओं से सरकार की बहुत किरकिरी हुई। इसका अहसास मुख्यमंत्री को भी हो गया। उन्हें समझ में आ गया कि दस महीने के दौरान उनकी छवि बिगड़ने लगी है। इसलिए ममता ने ये कहने में तनिक भी गुरेज नहीं किया कि मीडिया वाले धड़धड़ाते हुए अस्पतालों में चले जाते हैं। स्कूलों में चले जाते हैं और ख़बर बेचेने के लिए फर्ज़ी ख़बरें बनाकर दिखाते हैं।
दरअसल, लाइब्रेरी तो बहाना है। असल में ममता बैनर्जी ने अपना ग़ुस्सा मीडिया पर उतारा है। इशारों ही इशारो में बता दिया है कि जो अख़बार और पत्रकार सरकारी भोंपू नहीं बनेगा, उनके साथ यही होगा। क्योंकि ढाई हज़ार लाइब्रेरियों में इन अख़बारों के जाने या न जाने से अख़बारों के मालिकों और पत्रकारों की सेहत पर फर्क़ नहीं पड़ता। इससे सर्कुलेशन और पाठकों की संख्या पर भी फर्क़ नहीं पड़ेगा। फर्क पड़ेगा तो विज्ञापनों पर। किसी भी अख़बार या चैनल के लिए विज्ञापन बेहद अहम होता है। ग़ैर सरकार विज्ञापन और सरकारी विज्ञापन एक तरह से मीडिया की रीढ़ की हड्डी होते हैं। इसलिए ममता ने संकेतों से ज़ाहिर कर दिया है कि आने वाले दिनों में रेल के विज्ञापन, राज्य सरकार के विज्ञापन और निविदाओं से हाथ धोने के लिए ये अख़बार अभी से मन बना लें।